गिरधारी इंटर कॉलेज में एसडीएम सिरसागंज ने अश्वनी जैन को किया सम्मानित
सिरसागंज:- गिरधारी इंटर कॉलेज, सिरसागंज में विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल गंगवार, सतवीर सिंह एवं कुलदीप सिंह के संयोजन में जनपद फिरोजाबाद के श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को गोरखपुर में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें एसडीएम सिरसागंज सिद्धार्थ पाठक ने अश्वनी जैन को शॉल ओढ़ाकर एवं समस्त आयोजकों ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सिद्धार्थ पाठक ने सभी जनमानस को बताया कि अश्वनी कुमार जैन ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में राज्य पुरस्कार प्राप्त करके जनपद फिरोजाबाद एवं नगर सिरसागंज के नाम को सम्पूर्ण प्रदेश में रोशन किया है।
सतवीर सिंह ने सभी को बताया कि श्री जैन ने जनपद में लगभग 1000 से भी अधिक विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित कराकर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न किया है। उनको यह पुरस्कार विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं में योगदान आदि एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका प्रदान करने के लिए दिया गया है। कुलदीप सिंह ने सभी को बताया कि उनके निर्देशन में जनपद में विज्ञान और शैक्षिक कार्यों को जन जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
प्रधानाचार्य विशाल गंगवार ने श्री जैन को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि यह अत्यंत गौरव का विषय है कि जैन माध्यमिक शिक्षा विभाग में राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होने वाले जनपद फिरोजाबाद के प्रथम शिक्षक हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन सतवीर सिंह ने किया।
अश्वनी कुमार जैन ने विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल गंगवार, सतवीर सिंह, कुलदीप सिंह एवं समस्त जनप्रतिनिधियों के साथ अपने परिवार, समस्त प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक साथी, विद्यालय की प्रबन्ध समिति, समस्त विद्यालय परिवार, समस्त मीडिया वर्ग का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिवकांत त्रिपाठी, संजय पाण्डे, प्रेम सिंह, मधुरेश शुक्ल, पवन कुमार, श्रीमती मधुबाला एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
*फिरोजाबाद से सायमा खान की रिपोर्ट*


