कांवड़ यात्रा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
एडीजी आगरा जोन ने फिरोजाबाद में की
कानून-व्यवस्था की समीक्षा, टॉप-10 अपराधियों पर सख्त निगरानी और साइबर अपराध रोकने पर दिया जोर
जिला संवाददाता नरेंद्र वशिष्ठ अग्र भारत
फिरोजाबाद, श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की उपस्थिति में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराधों पर प्रभावी अंकुश, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा महिला एवं बाल अपराधों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एडीजी ने ई-साक्ष्य संकलन, यक्ष एप के माध्यम से अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन, सी-प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी विवेचनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने जिले के सभी थानों के टॉप-10 अपराधियों, सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, जिलाबदर एवं आदतन अपराधियों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की कुर्की को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। अधिकारियों को साइबर फ्रॉड की रोकथाम, एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, पीड़ितों की सहायता तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद एडीजी ने टूंडला-एटा कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती एवं श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण (वेलफेयर) संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों से जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक जनोन्मुख एवं जवाबदेह बनाने का आह्वान किया।


